राह चलती लड़कियों से करता था छेड़छाड़, पुलिस ने गुंडा बदमाश को गिरफ्तार कर भेजा जेल
जशपुर, CG News today live 1 सितंबर 2025 जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में राह चलती लड़कियों से छेड़छाड़ करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी का नाम हेमंत उर्फ हर्षित यादव (22 वर्ष), निवासी महुआ टोली, पत्थलगांव बताया जा रहा है।
पीड़िता ने थाना पत्थलगांव में शिकायत दर्ज कराई कि 31 अगस्त 2025 की शाम वह अपनी बहन और सहेलियों के साथ कॉफी हाउस जा रही थी। तभी आरोपी हेमंत यादव अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर उनका पीछा करने लगा। शर्मा मेडिकल स्टोर के पास उसने लड़कियों पर अश्लील टिप्पणियां कीं और पीड़िता की बहन के कंधे पर हाथ मार दिया।
CG इसके बाद आरोपी वापस आया और लड़की का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा तथा उसका मोबाइल नंबर मांगने लगा। जब पीड़िता ने शोर मचाया, तो दोनों आरोपी वहां से भाग निकले। पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि हेमंत यादव कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने BNS की धारा 74, 78 और 79 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हेमंत यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि उसके साथी की पहचान कर ली गई है और उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों के प्रति बेहद संवेदनशील है। इस तरह की हरकत करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विनीत कुमार पांडे, उप निरीक्षक अर्जुन यादव और आरक्षक राजेंद्र रात्रे की अहम भूमिका रही।