Type Here to Get Search Results !

सड़क किनारे 90% तक झुलसी मिली 17 वर्षीय छात्रा

प्रेम प्रसंग और मोबाइल विवाद से जुड़ा मामला, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
संवाद दाता रामकुमार प्रजापति 

 /बरौल/ शनिवार सुबह विश्रामपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई। आरटीआई कॉलोनी और पारसिंग नाला के बीच भटगांव मार्ग किनारे एक 17 वर्षीय आदिवासी छात्रा गंभीर रूप से झुलसी हालत में पाई गई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे राहगीरों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस और स्थानीय लोगों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत बेहद गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया। यहां भी स्थिति नाजुक बनी रहने पर, 90 से 95 प्रतिशत तक झुलस चुकी छात्रा को बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेज दिया गया।
मोबाइल नंबर बना जांच का अहम सुराग

घटना के बाद पुलिस को छात्रा का बयान लेने में कठिनाई हुई, लेकिन उसने लड़खड़ाती आवाज में एक मोबाइल नंबर बताया। इसी नंबर के आधार पर पुलिस एक युवक तक पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

तीन साल से चल रहा था प्रेम संबंध
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा और युवक के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। इस रिश्ते को लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बन चुकी थी। एक बार छात्रा के परिजनों ने युवक के साथ मारपीट भी की थी, जिससे दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।
मोबाइल को लेकर बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि छात्रा ने सूरजपुर से करीब 17 हजार रुपये का मोबाइल लोन पर खरीदा था। मोबाइल की किस्त दोनों मिलकर चुकाने वाले थे, लेकिन किशोरी द्वारा किस्त नहीं भरने पर युवक ने दो दिन पहले मोबाइल अपने पास रख लिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद गहराता गया।

युवक के घर पहुंची, रातभर रुकी

शुक्रवार रात छात्रा मोबाइल वापस लेने के लिए युवक के घर पहुंची और वहीं रुक गई। शनिवार सुबह जब उसने मोबाइल मांगा, तो युवक ने देने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर छात्रा ने खुद को आग लगाने की धमकी दी और वहां से चली गई।

पेट्रोल खरीदने की बात आई सामने

जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि छात्रा ने एक दुकान से पेट्रोल खरीदा था। हालांकि युवक का कहना है कि उसने पेट्रोल उससे छीनकर अपनी बाइक में डाल लिया और छात्रा को आरटीआई कॉलोनी के पास छोड़ दिया।

घटना अब भी रहस्य बनी हुई

युवक के बयान के बाद छात्रा के साथ क्या हुआ, यह अब भी स्पष्ट नहीं हो सका है। यह आत्महत्या का प्रयास है या किसी अन्य घटना का परिणाम, पुलिस इसकी गहन जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्य और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस का बयान

थाना प्रभारी प्रकाश राठौर ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है, तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.