Cg news सरपंच की पिटाई से अस्पताल कर्मचारी की मौत, पोस्टमार्टम कक्ष पर ताला
कोरबा से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कार्यरत एक बुजुर्ग कर्मचारी की कथित पिटाई के बाद मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया है और कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 को एक युवक की कुएं में गिरने से मौत के बाद उसका शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह लाया गया था। इसी दौरान बेंद्रकोना निवासी सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर वहां पहुंचे और पोस्टमार्टम जल्दी करने का दबाव बनाने लगे।
ड्यूटी पर तैनात बुजुर्ग कर्मचारी बालकृष्ण चनैया ने उन्हें इंतजार करने को कहा, जिससे नाराज होकर सरपंच ने कथित रूप से उनकी पिटाई कर दी। आरोप है कि उन्होंने कर्मचारी का सिर दीवार से भी पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर हालत में घायल कर्मचारी को ICU में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना ने अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में आक्रोश पैदा कर दिया है।
मृतक की बेटी लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि उनके पिता की मौत सीधे-सीधे मारपीट का परिणाम है और आरोपी सरपंच की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना के विरोध में कर्मचारियों ने पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया है और अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष व मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया है, जिससे अन्य शवों का पोस्टमार्टम भी ठप हो गया है।
जिला मेडिकल कॉलेज के संयुक्त संचालक गोपाल कंवर ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई थी और मामला दर्ज कर लिया गया है।
वहीं, प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
सीएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, परिजनों और कर्मचारियों को समझाने का प्रयास
जारी है।
