साप्ताहिक गुरु बाबा घासीदास पूजा के दूसरे सप्ताह में बच्चों को दिए संस्कार और सामान्य ज्ञान
कुबेरपुर। परम पूज्य संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी के सत्य, समानता और ज्ञान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कुबेरपुर चौक (खास पारा) में शुरू किया गया साप्ताहिक गुरु अर्चना, आरती एवं सात्विक प्रसाद वितरण कार्यक्रम लगातार जारी है। सोमवार को कार्यक्रम के दूसरे सप्ताह का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
यह पहल आदरणीय हरिशंकर डहरिया, सहायक ग्रेड-2, शासकीय नवीन महाविद्यालय चांदनी, बिहारपुर द्वारा शुरू की गई है। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसे केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास से जोड़ा गया।
बच्चों को बताए बाबा गुरु घासीदास के संदेश
कार्यक्रम में खास पारा के बच्चों को बाबा गुरु घासीदास जी की अमर वाणियों और उनके विचारों के माध्यम से अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्यों एवं शिक्षा का महत्व बताया गया। इसके साथ ही बच्चों के लिए सामान्य ज्ञान एवं ज्ञानवर्धक चर्चा सत्र आयोजित किया गया।
बच्चों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे गए, जिससे उनमें सीखने और अपनी जानकारी बढ़ाने को लेकर उत्साह देखने को मिला। उपस्थित समाजसेवियों ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी का संदेश समाज में ज्ञान और जागरूकता का प्रकाश फैलाना था। इसलिए सच्ची भक्ति अच्छे आचरण, शिक्षा और समाजहित के कार्यों में निहित है।
सामाजिक एकजुटता पर भी हुई चर्चा
कार्यक्रम के अंत में समाज के स्वजातीय बंधुओं, माताओं-बहनों एवं युवाओं से प्रत्येक सोमवार को इस आयोजन को निरंतर जारी रखने का आग्रह किया गया। पूजा के बाद सामाजिक बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें समाज की आगामी गतिविधियों, संगठन की मजबूती और सामाजिक एकजुटता को लेकर चर्चा की गई।
अंत में श्रद्धालुओं के बीच सात्विक प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में हरिशंकर डहरिया, समाजसेवक विनीत डहरिया, सतनामी समाज बिहारपुर-कुबेरपुर के प्रबुद्ध नागरिकों, सेवादार युवा टोली एवं स्थानीय ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।
समाज की पहल: पूजा के साथ बच्चों को संस्कार,
सामान्य ज्ञान और शिक्षा से जोड़ने की यह पहल नई पीढ़ी को सामाजिक एवं बौद्धिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में अनुकरणीय प्रयास मानी जा रही है।

