CG Transfer Breaking News छत्तीसगढ़ राज्य में सरकारी कर्मचारियों के तबादलों पर लगी रोक, सरकार ने जारी किया आदेश, जानिए क्या है वजह
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने जनगणना 2027 की तैयारियों को देखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। यह आदेश 2 नवंबर 2026 को जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण आगामी 6 महीने अथवा जनगणना का कार्य पूर्ण होने तक प्रतिबंधित रहेगा। दोनों में से जो अवधि पहले पूरी होगी, उसी के अनुसार यह प्रतिबंध लागू रहेगा।
जनगणना का काम प्रभावित न हो, इसलिए लिया गया फैसला
सरकार ने यह निर्णय जनगणना 2027 के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के उद्देश्य से लिया है। जनसंख्या गणना का मैदानी कार्य जनवरी-फरवरी 2027 में प्रस्तावित है। इसके लिए जिला, अनुविभाग और तहसील स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की जा रही हैं।
ऐसे में यदि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों का तबादला किया जाता है, तो प्रशिक्षण और मैदानी कार्य प्रभावित हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने स्थानांतरण पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।
नवंबर और दिसंबर में होगा प्रशिक्षण
जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है।
जिला जनगणना अधिकारियों एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण 12 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुका है।
मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण नवंबर 2026 में निर्धारित है।
फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगा।
प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 16 दिसंबर 2026 से निर्धारित किया गया है।
इन कर्मचारियों के तबादले पर रहेगी रोक
सरकार के निर्देशानुसार जनगणना कार्य में लगाए गए जिला एवं चार्ज अधिकारियों, मास्टर ट्रेनर्स, प्रगणकों, पर्यवेक्षकों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक रहेगी। यह आदेश प्रदेश के सभी जिलों एवं जनगणना चार्ज में लागू होगा।
सभी संभागायुक्तों और कलेक्टरों को भेजा गया आदेश
सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों, समस्त संभागायुक्तों और सभी जिला कलेक्टरों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
CG Transfer News: फिलहाल यह प्रतिबंध जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर लागू होगा। इसका उद्देश्य जनगणना 2027 की प्रक्रिया को बिना किसी बाधा के पूरा कराना है।
