सूरजपुर में भाजपा ने की जिला कार्यकारिणी का विस्तार, शशिकांत गर्ग बने जिला महामंत्री
सूरजपुर। भारतीय जनता पार्टी सूरजपुर जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने शनिवार को जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नई टीम की घोषणा की। इस विस्तार में जिले की सक्रिय राजनीति में लंबे समय से योगदान दे रहे पूर्व जिला मंत्री शशिकांत गर्ग को जिला महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। उनकी नियुक्ति की खबर से पूरे जिले के कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया।
शशिकांत गर्ग ने अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की थी। छात्र जीवन से ही वे संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे और युवाओं को राष्ट्रवादी विचारधारा से जोड़ने का काम किया। साफ-सुथरी छवि और संघर्षशील कार्यशैली ने उन्हें भाजपा संगठन में जल्दी ही मजबूत पहचान दिलाई। पूर्व में वे भाजपा जिला मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
समाजसेवा में भी सक्रिय भूमिका
राजनीति के साथ-साथ शशिकांत गर्ग समाजसेवा में भी अग्रणी रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों में उनकी विशेष रुचि रही है। समाजसेवी के रूप में उनकी पहचान उन्हें संगठन और समाज दोनों में मजबूत जनाधार प्रदान करती है।
कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
जिला महामंत्री बनाए जाने की सूचना मिलते ही शशिकांत गर्ग के निवास पर कार्यकर्ताओं का तांता लग गया। पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण और जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। इस अवसर पर वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, पूर्व जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, राजेश्वर तिवारी, नीरज गुप्ता समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शशिकांत गर्ग के अनुभव और संगठनात्मक कौशल से भाजपा को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उनकी नियुक्ति से पार्टी में युवा और अनुभवी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जिससे संगठनात्मक गतिविधियां और अधिक प्रभावशाली बनेंगी।