40,700 के स्थान पर 41,200 धान खरीदी में किसानों से प्रति बोरी आधा किलो की कटौती का आरोप
भैयाथान।
विकासखंड भैयाथान अंतर्गत संचालित धान खरीदी केंद्रों में किसानों के साथ तौल में गड़बड़ी का आरोप सामने आया है। किसानों का कहना है कि जहां प्रति बोरी 40,700 ग्राम धान की खरीदी होनी चाहिए, वहां 41,200 ग्राम तक तौल कर ली जा रही है, जिससे प्रति बोरी लगभग आधा किलो धान का नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है।
धान खरीदी केंद्र अधिना, सलका, खोपा, बतरा, चन्द्रमेढ़ा एवं भैयाथान का निरीक्षण सहकारिता सभापति राजू गुप्ता, कृषि समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि गणपत पाटिल द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुल 41,200 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई। खरीदी की प्रगति को संतोषजनक बताया गया, लेकिन व्यवस्थागत खामियां भी उजागर हुईं।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कई केंद्रों पर हमाली (लोडिंग-अनलोडिंग) की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। किसानों को स्वयं बोरी उठाकर तौल करानी पड़ रही है, जिससे उन्हें शारीरिक श्रम के साथ-साथ अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने मांग की है कि— प्रति बोरी तय मानक अनुसार ही तौल की जाए अतिरिक्त धान की कटौती पर तत्काल रोक लगे हमाली की जिम्मेदारी समिति या एजेंसी द्वारा निभाई जाए
व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
निरीक्षण दल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, किसान-हितैषी और समयबद्ध हो। लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
