CG NEWS : घर में फंदे से लटकती मिली 10वीं की छात्रा की लाश, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
CG NEWS दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा का शव शनिवार दोपहर उसके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार मृत छात्रा की पहचान दिशा माथनकर (15 वर्ष) के रूप में हुई है। दिशा जयंती नगर, सिकोला बस्ती के आगे स्थित अपने घर में परिवार के साथ रहती थी और दुर्ग पब्लिक स्कूल में कक्षा 10वीं की छात्रा थी। शनिवार दोपहर किसी समय उसने घर के भीतर यह आत्मघाती कदम उठाया।
परिजनों ने जब दिशा को फांसी के फंदे पर लटका देखा तो तुरंत शोर मचाया गया और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर मोहन नगर थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने छात्रा को नीचे उतरवाकर जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी और उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, साथ ही छात्रा के स्कूल से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
