//बरौल// छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को भाजपा भटगांव मंडल अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प बजट बताते हुए इसे सबका साथ-सबका विकास की ठोस पटकथा करार दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में यह बजट ऐतिहासिक साबित होगा।रमेश गुप्ता ने कहा कि यह बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सपनों को साकार करने की कार्ययोजना है। कृषि क्षेत्र को मजबूती, सिंचाई विस्तार, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन तथा अधोसंरचना विकास के लिए किए गए प्रावधान प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगे।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाएं इस बजट की विशेष उपलब्धि हैं। वहीं महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में वृद्धि से परिवार और समाज दोनों को मजबूती मिलेगी।मंडल अध्यक्ष ने दावा किया कि सरकार ने संतुलित और दूरदर्शी बजट पेश कर यह संदेश दिया है कि विकास केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गांव-गांव तक पहुंचेगा। सड़कों, पुल-पुलियों, स्कूलों और अस्पतालों के विस्तार से प्रदेश में आधारभूत ढांचा सुदृढ़ होगा और निवेश के नए अवसर सृजित होंगे। विपक्ष की आलोचनाओं को राजनीति से प्रेरित बताते हुए रमेश गुप्ता ने कहा कि जनता सरकार की नीयत और नीति दोनों को समझती है। आने वाले वर्षों में इस बजट के सकारात्मक परिणाम प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम करेंगे।अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी को जनहितैषी एवं दूरदर्शी बजट के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह ‘संकल्प’ बजट छत्तीसगढ़ को विकास के नए शिखर पर ले जाने की मजबूत नींव रखेगा।