Cg news छत्तीसगढ़ में मौसम का कहर आकाशीय बिजली से 5 मवेशियों की मौत, ग्रामीणों में दहशत
छत्तीसगढ़ में अचानक बदले मौसम ने एक बार फिर तबाही मचाई है। कोंडागांव जिले के फरसगांव विकासखंड के ग्राम कोनगुड़ पोलपा पारा में शनिवार शाम करीब 5 बजे तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से 5 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह मवेशी गांव के तीन अलग-अलग किसानों के थे, जिनकी मौत से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि मौसम अचानक बदला और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी, जिससे यह हादसा हुआ।
आंधी-तूफान का असर सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं रहा। गांव के कई कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। घटना के बाद पूरे गांव में डर और दहशत का माहौल है।
प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे करने और उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि मवेशियों की मौत से उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ा
है।
