Forest Land Scam Exposed सरपंच ने 1.5 लाख रूपये में बेच डाली 3 एकड़ वन भूमि बेचने का आरोप, पैसे लेते वीडियो वायरल
सूरजपुर। जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र से वन विभाग की कथित लापरवाही और मिलीभगत का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत कोल्हुआ में सरकारी वन भूमि को अवैध तरीके से बेचने का आरोप लगा है। इस मामले में जंगल के भीतर कथित तौर पर पैसे लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कोल्हुआ के सरपंच पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी वन भूमि को अपनी निजी जमीन बताकर करीब 3 एकड़ भूमि का सौदा कर दिया। आरोप है कि इस जमीन पर बेशकीमती सागवान सहित कई फलदार पेड़ लगे हुए हैं। सबसे गंभीर बात यह बताई जा रही है कि इस कथित अवैध सौदे को वैध दिखाने के लिए सरपंच की सील और मुहर का उपयोग कर पंचनामा भी तैयार किया गया।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ लाख रुपये में यह जमीन बेचे जाने की बात सामने आई है। वहीं जंगल के भीतर कथित तौर पर पैसों के लेन-देन का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद मामला और भी तूल पकड़ने लगा है।
इस पूरे मामले की शिकायत बंशीपुर निवासी संतोषी पति संतोष कुमार ने कलेक्टर सूरजपुर से की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वन विभाग को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। शिकायतकर्ता ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में लगातार वन भूमि पर अतिक्रमण बढ़ रहा है और कई जगहों पर पक्के निर्माण भी किए जा रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग मौन बना हुआ है, जिससे भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले के पीछे कुछ प्रभावशाली लोगों की भूमिका भी बताई जा रही है। आरोप है कि रसूखदारों के दबाव के चलते वन विभाग के अधिकारी कार्रवाई से बच रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत की प्रतिलिपि सीसीएफ अंबिकापुर, डीएफओ सूरजपुर और रेंजर चांदनी बिहारपुर को भी भेजी गई है। अब प्रशासन और वन विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
👉Follow us on Instagram
https://www.instagram.com/viralvideoall
👉Join with us on Telegram
👉Join with us on whatsap
https://chat.whatsapp.com/FtgkeheQFWWAx3woUb1C6J
👉 Join with us on whatsap channel Follow
https://whatsapp.com/channel/0029VbAWF3rFXUuXyvjgi21G


