Snake Bite Tragedy बिस्तर पर लेटी थी काली मौत, नहीं बच पाई जान युवती की इलाज के दौरान मौत
अंबिकापुर/बलरामपुर। सरगुजा संभाग में सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवती और एक अधेड़ की मौत हो गई। दोनों को सांप के डसने के बाद गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इन घटनाओं से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
पहली घटना बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय पहाड़ी कोरवा युवती रजनी अपनी मां के साथ कमरे में जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थी। आधी रात उसकी नींद खुली और उसने मां से कहा कि उसे किसी चीज ने काट लिया है। मां ने टॉर्च जलाकर देखा तो बिस्तर पर एक जहरीला करैत सांप मौजूद था।
सर्पदंश के बाद युवती की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल राजपुर अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। युवती की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दूसरी घटना सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिलासपुर की है। यहां 51 वर्षीय शिवा मंगलवार रात अपने घर में जमीन पर सो रहा था। आधी रात उसने बेटे को बताया कि कमरे में सांप है। बेटे ने देखा तो बिस्तर पर सांप पड़ा हुआ था, जिसे बाद में मार दिया गया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर सर्पदंश के स्पष्ट निशान नहीं मिले, लेकिन कुछ देर बाद शिवा ने शरीर में दर्द और पेट में जलन की शिकायत की।
परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच में सर्पदंश की पुष्टि हुई। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
लगातार सामने आ रहे सर्पदंश के मामलों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के मौसम में सांपों के बिलों में पानी भर जाने के कारण वे घरों और रिहायशी इलाकों की ओर निकल आते हैं। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
