Type Here to Get Search Results !

Deputy Sarpanch Assaulted During आमसभा के दौरान उपसरपंच पर हमला, मारपीट का आरोप


 Deputy Sarpanch Assaulted During 

आमसभा के दौरान उपसरपंच पर हमला, मारपीट का आरोप


अभनपुर। ग्राम पंचायत जौंदी में आयोजित आमसभा के दौरान उपसरपंच के साथ कथित रूप से मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। उपसरपंच पोखन लाल यदु ने थाना गोबरा नवापारा में शिकायत दर्ज कराते हुए सरपंच पुत्र सहित कई लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जून को ग्राम पंचायत जौंदी में आमसभा आयोजित की गई थी। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की सूची पर चर्चा की जा रही थी। बताया गया कि सूची में कुल 169 हितग्राहियों के नाम शामिल थे, जबकि लगभग 120 लोगों के नाम सूची में नहीं होने पर कुछ ग्रामीणों ने उपसरपंच पर नाम कटवाने का आरोप लगाया।


उपसरपंच पोखन लाल यदु का आरोप है कि इसी मुद्दे को लेकर टोमन लाल साहू ने सभा के दौरान लोगों को उनके खिलाफ भड़काया। बैठक समाप्त होने के बाद कथित रूप से उनका कॉलर पकड़कर पंचायत भवन के बाहर ले जाया गया, जहां कई लोगों ने उनके साथ मारपीट की।


शिकायत में चिंतामणि, टोमन साहू, मिथलेश साहू, अलखराम साहू, बैतल साहू, लेखराम साहू, प्रहलाद साहू और एस. कुमार सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। उपसरपंच का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए तथा उनकी मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना का वीडियो ग्रामीण चेतन साहू द्वारा बनाए जाने की बात भी सामने आई है।


मारपीट में घायल उपसरपंच ने बताया कि उनके जबड़े में चोट आई है और उन्हें लगातार दर्द की शिकायत है। मामले की शिकायत थाना गोबरा नवापारा में दर्ज कराई गई है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.