Type Here to Get Search Results !

भटगांव में सजा भव्य कुश्ती दंगल, बिलासपुर के पहलवानों ने भी दिखाया दमखम

  हनुमान मंदिर भटगांव सेवा समिति के तत्वावधान में भटगांव में भव्य कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्थानीय गांवों के पहलवानों के साथ बिलासपुर क्षेत्र से आए खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया। अखाड़े में पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी पहुंचे। खिलाड़ियों ने कुश्ती के पारंपरिक दांव-पेंच और अपनी शारीरिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसीलदार शिव नारायण राठिया रहे। अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष भटगांव रमेश गुप्ता ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में थाना प्रभारी भटगांव विरजेश सिन्हा, जिला अध्यक्ष एससी मोर्चा सुरेश पाटले, भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य वीरेंद्र गुप्ता तथा भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला मंत्री एवं पूर्व जनपद सदस्य विजय कुमार राजवाड़े उपस्थित रहे।

दंगल के दौरान अलग-अलग मुकाबलों में पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए जमकर जोर-आजमाइश की। कई मुकाबले काफी संघर्षपूर्ण और रोमांचक रहे। एक ओर जहां स्थानीय पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं बिलासपुर से पहुंचे खिलाड़ियों ने भी शानदार कुश्ती दिखाकर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। मुकाबलों के दौरान अखाड़े के चारों ओर मौजूद दर्शक तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।कार्यक्रम में ओमकार सिंह, खुलेश्वर राजवाड़े, जनपद सदस्य गया नन्द राजवाड़े, विनोद कीड़ो, याद राम, पत्रकार मोहन प्रताप सिंह, संजय उपाध्याय और भीम यादव लेफ्री सहित समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। कुश्ती हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति का हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ता है। साथ ही ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए मंच मिलता है।

हनुमान मंदिर भटगांव सेवा समिति द्वारा आयोजित इस दंगल को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने प्रतियोगिता में शामिल सभी पहलवानों, अतिथियों, दर्शकों और सहयोगियों का आभार जताया। समिति ने भविष्य में भी क्षेत्र में खेल एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.