CG Breaking News सूरजपुर में हड़ताली पटवारियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 12 पटवारी निलंबित; मचा हड़कंप
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे राजस्व पटवारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। प्रशासन ने हड़ताल जारी रखने और शासकीय कार्य प्रभावित होने के मामले में 12 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, जिले में राजस्व पटवारियों की हड़ताल के चलते आम जनता के कई जरूरी काम प्रभावित हो रहे थे। प्रशासन की ओर से पहले भी पटवारियों को काम पर वापस लौटने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद हड़ताल जारी रहने पर प्रशासन ने यह कड़ा कदम उठाया।
राजस्व के कई काम हुए प्रभावित
पटवारियों की हड़ताल के कारण जिले में आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से नामांतरण, सीमांकन, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इन जरूरी दस्तावेजों के लिए लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
प्रशासन ने अपनाया सख्त रुख
जिला प्रशासन का कहना है कि शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न होने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 12 पटवारियों के निलंबन के बाद अब इस मामले में आगे की कार्रवाई पर भी नजर बनी हुई है।
