खनिज और राजस्व विभाग के अफसरों को अतिरिक्त प्रभार
रायपुर। राज्य शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य प्रशासनिक सेवा के उप सचिव स्तर के दो अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जारी आदेश के मुताबिक, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में उप सचिव पद पर कार्यरत अरुण कुमार मरकाम को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ ग्रामोद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही, खनिज साधन विभाग में उप सचिव श्रीकांत वर्मा को उनके वर्तमान कार्यों के साथ-साथ गृह एवं जेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इन तबादलों और अतिरिक्त प्रभारों का उद्देश्य विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी व सुचारु रूप से संपन्न करना है। आदेश के अनुसार, दोनों अधिकारियों को अपने-अपने नए दायित्व तत्काल संभालने होंगे।

