रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का निधन, CM साय ने जताया दुख
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक मजबूत और सशक्त पहचान बनाने वाली भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का बुधवार को निधन हो गया। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति और समाज सेवा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
रजनी ताई उपासने ने वर्ष 1978 में कांग्रेस के दिग्गज नेता को हराकर इतिहास रचा और रायपुर विधानसभा सीट से पहली महिला विधायक बनीं। राजनीति में उनकी साफ-सुथरी छवि, जनसेवा के प्रति समर्पण और महिला सशक्तिकरण के लिए उनके प्रयासों को हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा – “रायपुर की पहली महिला विधायक एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता व लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री सच्चिदानंद उपासने जी की पूज्य माताजी श्रीमती रजनी ताई उपासने जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। जनसेवा और समाजहित के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवारजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।”
भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं, पूर्व विधायकों और सामाजिक संगठनों ने भी रजनी ताई के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। सभी ने उनके कार्यों और समाजहित में किए गए योगदान को अविस्मरणीय बताया।
रजनी ताई उपासने का जीवन राजनीतिक और सामाजिक सेवा का आदर्श रहा। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और समाज के वंचित वर्गों की आवाज उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से छत्तीसगढ़ की राजनीति ने एक सशक्त महिला नेता खो दी है।