दुर्लभ घटना बिना बछड़ा दिए गाय दे रही दूध, लोग मान रहे चमत्कार देखें लाईव
कोरबा। जिले में एक अनोखा और दुर्लभ मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरत में डाल दिया है। यहां बिना बछड़ा दिए एक गाय के दूध देने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे सामान्य घटना न मानकर चमत्कार मान रहे हैं और गाय को कामधेनु का स्वरूप बताकर पूजा-अर्चना करने लगे हैं।
यह मामला पाली रोड दीपका क्षेत्र का है, जहां धनंजय सिंह के घर पर पली चार साल की गाय अचानक दूध देने लगी। आमतौर पर गाय केवल बछड़ा जनने के बाद ही दूध देती है, लेकिन इस गाय ने प्राकृतिक प्रक्रिया के बिना ही दूध देना शुरू कर दिया।
गाय के मालिक धनंजय सिंह ने बताया कि कुछ दिनों से रात के समय जहां गाय को बांधा जाता था, वहां सुबह दूध गिरा हुआ दिखाई देता था। शुरुआत में उन्होंने इसे साधारण बात समझा, लेकिन जब खुद गाय को दुहा, तो वह सचमुच दूध देने लगी।
जैसे ही यह खबर इलाके में फैली, आसपास के लोग बड़ी संख्या में धनंजय सिंह के घर पहुंचने लगे। ग्रामीण इस गाय को कामधेनु मानकर पूजा कर रहे हैं और आशीर्वाद भी ले रहे हैं।
वैज्ञानिक दृष्टिकोण
विशेषज्ञों के अनुसार, कभी-कभी गायों में हॉरमोनल बदलाव या ग्लैंड्स की असामान्य सक्रियता की वजह से भी बिना गर्भधारण किए दूध आ सकता है। हालांकि यह बेहद दुर्लभ होता है।
आस्था बनाम विज्ञान
जहां ग्रामीण इसे आस्था और चमत्कार से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं वैज्ञानिक नजरिए से यह एक असाधारण जैविक घटना हो सकती है। फिलहाल, यह गाय पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बनी हुई है और लोग दूर-दूर से इसे देखने आ रहे हैं।