मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी, स्टार्ट होने के बाद नहीं भर पाया उड़ान रद्द
रायपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक अनोखी मिसाल पेश की जा रही थी, लेकिन इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यक्रम में अचानक तकनीकी समस्या के कारण बदलाव करना पड़ा। सोमवार को रायपुर से सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए रवाना होने वाले सीएम साय के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते उड़ान रद्द करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव और भाजपा क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल के साथ हेलीकॉप्टर में सवार हो चुके थे। हेलीकॉप्टर स्टार्ट भी हो गया, लेकिन कुछ तकनीकी दिक्कत आने के कारण उड़ान नहीं भर सका। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तुरंत सभी नेताओं को हेलीकॉप्टर से नीचे उतार लिया गया। फिलहाल तकनीकी टीम हेलीकॉप्टर की जांच में जुटी है।
सीएम साय का आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कई कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन इस तकनीकी खराबी के चलते यात्रा पर अस्थायी रोक लग गई।
लगातार तकनीकी खामियां
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले, रायपुर में दो अलग-अलग फ्लाइट्स में भी तकनीकी खराबी की घटनाएं सामने आई थीं। दिल्ली से रायपुर आई एक फ्लाइट का दरवाजा खराबी के कारण लंबे समय तक नहीं खुल पाया, जबकि दूसरी फ्लाइट में भी तकनीकी समस्या के कारण देरी हुई।
मौसम भी बन रहा चुनौती
विशेषज्ञों का मानना है कि इन दिनों छत्तीसगढ़ में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव और मानसून की सक्रियता भी हवाई उड़ानों पर असर डाल रही है। राज्य के कई जिलों में झमाझम बारिश की संभावना जताई जा रही है।
यह घटना एक बार फिर हवाई यात्रा में तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों की अहमियत को उजागर करती है, खासकर तब जब इसमें वीवीआईपी यात्री सवार हों।