उत्साह और सौहार्द्र के साथ सूरजपुर में कलेक्ट्रेट परिसर से रंगमंच तक तिरंगा यात्रा संपन्न
सूरजपुर, 12 अगस्त 2025 — स्वतंत्रता दिवस के पूर्व संध्या पर सूरजपुर में मंगलवार को तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यह यात्रा “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता – स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” थीम पर आधारित थी, जिसमें देशभक्ति और जनजागरण का अद्वितीय संगम देखने को मिला।
यात्रा का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर से हुआ, जहां मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। यात्रा रंगमंच सूरजपुर तक निकाली गई, जिसमें लगभग 1000 लोगों ने भाग लिया। विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने “भारत माता की जय” के नारों और देशभक्ति गीतों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाना नहीं था, बल्कि स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाना भी था। यात्रा के दौरान देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
रंगमंच पर समापन सभा में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भूलन सिंह मरावी और राम सेवक पैकरा ने लोगों को संबोधित किया। वक्ताओं ने राष्ट्रीय एकता, स्वच्छता और देश सेवा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
गौरतलब है कि इस वर्ष 2 अगस्त से 15 अगस्त तक देशभर में “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता – स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” थीम के तहत तिरंगा यात्राओं का आयोजन हो रहा है, जिसके अंतर्गत सूरजपुर की यह यात्रा अनुकरणीय उदाहरण बनी।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश की मंत्री एवं विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ने किया। उनके साथ प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, पूर्व गृह मंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा, जनपद अध्यक्ष सूरजपुर संत स्वाति सिंह, शैलेष गोयल, मुकेश गर्ग, बाबूलाल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, शशिकांत गर्ग, राजेश्वर तिवारी, दीपक गुप्ता, संत सिंह, यशवंत सिंह, अजय अग्रवाल समेत अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर कलेक्टर एस. जयवर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर, डीएफओ पंकज कमल, एसडीएम शिवानी जायसवाल एवं अन्य अधिकारी शामिल हुए।