VB–G RAM G मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को रोजगार एवं आजीविका योजनाओं की जानकारी
मनेंद्रगढ भरतपुर।
विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन – ग्रामीण (VB–G RAM G) के प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से जनपद पंचायत भरतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को मिशन के प्रावधानों, लाभों तथा रोजगार एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देना है।
अभियान के तहत ग्राम सभाओं, चौपाल बैठकों, रैलियों, पोस्टर-बैनर प्रदर्शन तथा प्रत्यक्ष संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वरोजगार, कौशल विकास, महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण, युवाओं के लिए प्रशिक्षण एवं रोजगार अवसरों से अवगत कराया जा रहा है। कार्यक्रमों में पंचायत प्रतिनिधियों, आजीविका मिशन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्थानीय स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
अधिकारियों ने बताया कि VB–G RAM G मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि, स्थायी रोजगार के अवसर सृजित करना तथा आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करना है। जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने, आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने एवं लाभों का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें सरकारी योजनाओं की सही जानकारी मिल रही है और वे स्वरोजगार एवं आजीविका से जुड़े अवसरों का लाभ उठा सकेंगे। जनपद पंचायत भरतपुर प्रशासन ने आगामी दिनों में अभियान को और अधिक व्यापक बनाने की बात कही है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवार VB–G RAM G मिशन से लाभान्वित हो सकें।
