CG NEWS @गणतंत्र दिवस पर नगर सेना के जवान ने कलेक्ट्रेट परिसर में जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश, मचा हड़कंप
कोरबा। गणतंत्र दिवस के मौके पर कोरबा कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर सेना के जवान संतोष पटेल ने जहर सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार जवान की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले जिला सेनानी के खिलाफ महिला सैनिकों द्वारा विशाखा समिति में शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के बाद संबंधित अधिकारी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इस कार्रवाई से मानसिक रूप से आहत होकर जवान संतोष पटेल ने यह कदम उठाया।
घटना स्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें जवान ने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। हालांकि पुलिस ने नोट को जब्त कर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के प्रयास के कारणों, सुसाइड नोट की सत्यता और विभागीय कार्रवाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
