कार पर ‘PRESS’ लिखकर कर रहे थे @शराब तस्करी, आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
15 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
अम्बिकापुर।
छत्तीसगढ़ में अवैध शराब तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। तस्करों ने पुलिस और आम लोगों को चकमा देने के लिए अपनी लग्जरी इनोवा कार पर बड़े अक्षरों में ‘प्रेस’ लिखवा रखा था और इसी आड़ में अवैध शराब की तस्करी कर रहे थे। आबकारी विभाग ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले की जानकारी देते हुए आबकारी विभाग ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक इनोवा कार में मध्य प्रदेश से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर अनिल गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी टीम ने दरिमा–नवानगर मार्ग पर ग्राम अडची के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।
जांच के दौरान इनोवा कार से मध्य प्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की 15 पेटियां बरामद की गईं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। टीम ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान लड्डू सिंह के रूप में हुई है।
आरोपी लड्डू सिंह पहले सरकारी शराब दुकान में कार्यरत था, लेकिन नौकरी से हटाए जाने के बाद वह अवैध शराब तस्करी के धंधे में शामिल हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ‘प्रेस’ लिखी गाड़ी का इस्तेमाल इसलिए किया ताकि चेकिंग के दौरान किसी को शक न हो और वह आसानी से शराब की तस्करी कर सके।
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने शराब के साथ-साथ लग्जरी इनोवा कार को भी जब्त कर लिया है। वहीं, दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। आबकारी विभाग ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
