Type Here to Get Search Results !

CG news पैसे नहीं देने पर पति ने की पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

CG news पैसे नहीं देने पर पति ने की पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार    कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले के बांगो थाना क्षेत्र के

 CG news पैसे नहीं देने पर पति ने की पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार


कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले के बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम डामौकुंडा में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतिका के बेटे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि घर में केवल उसके माता-पिता रहते थे। घटना वाले दिन उसके पिता, कल्लू उर्फ कल्याण सिंह, ने फोन कर बताया कि उसकी मां उठ नहीं रही है और उसे तुरंत घर आने के लिए कहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया और पंचनामा की कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी भेजा गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत सामान्य न होकर हत्या होना पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी।

जांच के दौरान 42 वर्षीय पति कल्याण सिंह पर संदेह गहराया, क्योंकि घटना के समय घर में केवल वही मौजूद था। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह अपनी खराब मोटरसाइकिल बनवाने के लिए पत्नी से पैसे मांग रहा था। पत्नी ने इस आशंका से पैसे देने से मना कर दिया कि वह शराब में खर्च कर देगा।

आरोपी के अनुसार 7 फरवरी 2026 को पैसे न मिलने पर उसने गुस्से में आकर पत्नी हिरोंडिया मरावी (41) का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को सामान्य दिखाने के लिए उसने शव को सोई हुई अवस्था में लिटा दिया और खुद शराब पीकर कमरे में पड़ा रहा, ताकि उस पर संदेह न हो।

बताया जा रहा है कि मृतिका और आरोपी के दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटे कटघोरा स्थित एक बर्फ फैक्ट्री में काम करते हैं। घटना के समय घर में पति-पत्नी ही थे।

बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।



Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.