बरौल। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सेजेस बत्रा में जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता 2026 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करना था। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर संसदीय कार्यप्रणाली का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
युवा संसद एक ऐसा अनुकरणीय (मॉक) संसदीय मंच है, जहां युवा छात्र वास्तविक संसद की कार्यप्रणाली जैसे प्रश्नकाल, बहस, चर्चा और कानून निर्माण की प्रक्रिया का अभ्यास करते हैं। इसके माध्यम से युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता तथा आत्मविश्वास का विकास किया जाता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें सही दिशा देने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।
अतिथियों ने कहा कि युवा संसद युवाओं को यह समझने का अवसर देती है कि लोकतंत्र में बहस और संवाद के माध्यम से किस प्रकार महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिए जाते हैं। इससे विद्यार्थियों को देश की संसदीय व्यवस्था को नजदीक से समझने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पहचानने की प्रेरणा मिलती है।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत करते हुए संसदीय शैली में बहस की। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, तर्कशक्ति और प्रस्तुतीकरण की सराहना उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार, प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना और उनकी छिपी प्रतिभा को सामने लाना है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा, जिला समन्वयक समग्र शिक्षा सहायक रविंद्र सिंह, प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती आभा त्रिकी, नोडल अधिकारी नसीम अंसारी, श्री प्राचार्य श्री गोवर्धन सिंह मास्टर ट्रेनर, अधिकारी फातिमा सोगरा, अमजद अली, सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजन समिति एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।