CG VIDEO: प्राथमिक शाला में बच्चों से ढुलवाया गया पानी, देखें वायरल वीडियो
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्राथमिक शाला में बच्चों से पानी ढुलवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो जनपद प्राथमिक शाला करमा का है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छोटे-छोटे बच्चे सिर पर पानी से भरे बर्तन उठाकर स्कूल परिसर में घूम रहे हैं। कुछ बच्चे बाल्टियों में पानी भरकर स्कूल के कार्यालय तक ले जाते भी नजर आ रहे हैं।
प्रधानपाठिका की मौजूदगी पर सवाल सबसे हैरानी की बात यह है कि इस दौरान स्कूल की प्रधानपाठिका भी मौके पर मौजूद दिखाई दे रही हैं। इसके बावजूद बच्चों से इस तरह का कार्य करवाया जाना स्थानीय लोगों में आक्रोश का कारण बन गया है।
जहां स्कूल बच्चों के सीखने और सुरक्षित वातावरण का स्थान होना चाहिए, वहां उनसे श्रम करवाना शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
मामले में जब प्रधानपाठिका से जानकारी लेने की कोशिश की गई, तो उन्होंने मीडिया से ही सवाल-जवाब शुरू कर दिए। वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी से संपर्क नहीं हो सका, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी ने भी व्यस्तता का हवाला देते हुए कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी।
सोशल मीडिया पर बढ़ा दबाव
वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। लोग दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता र
हे हैं।
