Type Here to Get Search Results !

खोंपा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, कार्यकर्ता सम्मेलन में जुटी हजारों की भीड़ भाजपा पर जमकर बरसे कांग्रेस नेता, 50 से अधिक लोगों ने थामा कांग्रेस का दामन



बरौल/.......भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोंपा में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सलका द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन रविवार को पूरी तरह राजनीतिक रंग में नजर आया। सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने जहां संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की, वहीं भाजपा सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरते हुए तीखा हमला बोला। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने कांग्रेस की ताकत का खुला प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ खोंपा देव की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद आयोजित विशाल सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, गांव-गांव तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का संदेश दिया। नेताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ गई है तथा हर गांव और हर बूथ में कांग्रेस को मजबूत बनाना जरूरी है।

सम्मेलन में पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े, अंबिकापुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, अखिलेश प्रताप सिंह, नरेश राजवाड़े, नरेंद्र यादव, भुवन भास्कर, सुभाष गोयल, रमेश दानोदिया, मुकेश अग्रवाल, प्रदीप राजवाड़े सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और युवाओं की भी भागीदारी देखने को मिली।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार केवल बड़े-बड़े दावे करने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से जो वादे किए थे, वे धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर जनता को वह राहत क्यों नहीं मिल पा रही जिसकी गारंटी भाजपा ने दी थी।

डॉ. टेकाम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे घर-घर जाकर कांग्रेस की विचारधारा और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीब, किसान, मजदूर और आम जनता की आवाज उठाने वाली पार्टी रही है।

वहीं पूर्व विधायक पारसनाथ राजवाड़े ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सत्ता की राजनीति कर रही है, जबकि रोजगार, विकास और जनकल्याण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पीछे छूट गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में कांग्रेस को मजबूत जनसमर्थन मिलेगा।

सम्मेलन के दौरान उस समय माहौल पूरी तरह कांग्रेसमय हो गया जब लगभग 50 से अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता छोड़ कांग्रेस प्रवेश किया। कांग्रेस नेताओं ने फूलमाला पहनाकर नए सदस्यों का स्वागत किया। नेताओं ने इसे कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता बताते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों से निराश लोग अब कांग्रेस के साथ जुड़ रहे हैं।

कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और पार्टी नेतृत्व के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। सम्मेलन स्थल पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे थे।

सम्मेलन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव की मौजूदगी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने के लिए लगातार क्षेत्र में बैठकें और सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

हालांकि कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शशि सिंह कोराम की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं, लेकिन उनकी गैरमौजूदगी को लेकर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।

कुल मिलाकर खोंपा में आयोजित यह कार्यकर्ता सम्मेलन कांग्रेस के लिए शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। सम्मेलन के जरिए कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट संकेत दिया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुट गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.