कक्षा 7वीं में 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय, परिवार और ग्राम पंचायत कोटिया का नाम किया रोशन
पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बतरा की मेधावी छात्रा आस्था गिरी ने कक्षा 7वीं की वार्षिक परीक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। आस्था की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर सहित पूरे ग्राम पंचायत कोटिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
आस्था गिरी के पिता अरुण गिरी एवं माता सुनीता गिरी ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। परिजनों ने बताया कि आस्था शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रही है। वहीं माता सुनीता गिरी ने अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए दिन-रात मेहनत की और हर कदम पर उसका हौसला बढ़ाया। परिवारजनों के अनुसार सुनीता गिरी ने अपनी बेटी को बेहतर शिक्षा दिलाने और पढ़ाई में आगे बढ़ाने के लिए “एड़ी-चोटी एक” कर दी, जिसका परिणाम आज पूरे क्षेत्र के सामने है।
विद्यालय के प्राचार्य गोवर्धन सिंह ने छात्रा की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और अभिभावकों के सहयोग से विद्यार्थी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आस्था की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
विद्यालय की प्रधान पाठिका श्रीमती अंजना जायसवाल ने कहा कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। वहीं कक्षा शिक्षक हिमांशु शर्मा ने बताया कि आस्था पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी और अनुशासित छात्रा रही हैं।
आस्था ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अभ्यास को दिया। विद्यालय परिवार ने छात्रा को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।