CG News सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का 01 जनवरी 2026 से कलेक्टोरेट में बायोमेट्रिक अटेंडेंस अनिवार्य
सूरजपुर। शासन के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 से कलेक्टोरेट सूरजपुर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति आधार-सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली (AEBAS) के माध्यम से दर्ज की जाएगी। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देश पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कलेक्टोरेट परिसर में संचालित सभी विभागीय कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पंजीयन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के सहयोग से किया गया है। साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया था कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पंजीयन शासन की आधिकारिक वेबसाइट https://cggad.attendance.gov.in/
पर समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करें।
इस संबंध में डिप्टी कलेक्टर श्री रमेश मोर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला संयुक्त कार्यालय के अंतर्गत संचालित सभी विभागों के कुल 175 अधिकारी एवं कर्मचारियों का आधार-सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली में पंजीयन पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी कर्मचारियों को 01 जनवरी 2026 से पूर्व इस प्रणाली से जोड़ना सुनिश्चित किया गया है।
डिप्टी कलेक्टर ने आगे बताया कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के उपयोग की जानकारी देने हेतु दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। पंजीकृत अधिकारी एवं कर्मचारी वर्तमान में कार्यालय में आगमन एवं प्रस्थान के समय बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कर प्रणाली से स्वयं को अभ्यस्त कर रहे हैं।
प्रशासन का मानना है कि आधार-सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू होने से कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और अनुशासन सुनिश्चित होगा।
