कौशल प्रजापति सूरजपुर जिले में खदान से हो रही कोयला चोरी की घटनाओं पर सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर गठित टीम ने बुधवार, 18 मार्च 2026 की सुबह गायत्री खदान में अचानक दबिश दी।
एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम को देखकर कोयला चोरी में शामिल लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। वे अपनी मोटरसाइकिल और साइकिल वहीं छोड़कर भाग निकले।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 450 बोरी (लगभग 33 टन) कोयला, 13 मोटरसाइकिल और 7 साइकिल बरामद किए। जब्त किए गए कोयले की कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है, जिसे खदान प्रबंधन को सौंप दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए लावारिस हालत में मिले वाहनों को जब्त कर लिया है और उनके मालिकों की तलाश की जा रही है।
इस अभियान में थाना प्रभारी विश्रामपुर प्रकाश राठौर, निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, एसआई प्रदीप सिदार, कृपाल सिंह, एएसआई राकेश यादव सहित पुलिस टीम के अन्य जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा है कि अवैध कोयला कारोबारियों और स्थानीय लोगों के गठजोड़ को तोड़ने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही खदान प्रबंधन को बाउंड्रीवाल के अवैध निकास बंद करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं
।
