एचपी गैस एजेंसी की मनमानी से आम जनता परेशान
सुबह से लाइन में खड़े उपभोक्ता, पहुंच वालों को अंदर से मिल रहा सिलेंडर
नवीन जिला शक्ति मालखरौदा। क्षेत्र के करीगांव स्थित चंद्रा एचपी गैस एजेंसी एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है। गैस वितरण में कथित अनियमितताओं और पक्षपातपूर्ण रवैये को लेकर आम उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि सुबह 8 बजे से ही लोग तपती धूप में गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पहुंच वाले लोगों और कोचियों को एजेंसी के अंदर से पहले गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी द्वारा खुलेआम धांधली की जा रही है। आम जनता घंटों लाइन में खड़ी रहती है, जबकि एजेंसी से जुड़े लोगों और परिचितों को बिना लाइन के आसानी से गैस दे दी जाती है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी चंद्रा एचपी गैस एजेंसी करीगांव सुर्खियों में आ चुकी है। आरोप लगे थे कि उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले लगभग 200 रुपये कीमत के गैस चूल्हों को गरीब हितग्राहियों को 2 हजार रुपये तक में बेचा गया था। उस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से एजेंसी संचालकों का मनोबल बढ़ा हुआ बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस बार भी प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आगामी 1 जून को आयोजित सुशासन तिहार बंदोरा में लिखित शिकायत कर संबंधित अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की मांग की जाएगी।
