जिले के ग्राम पंचायत झुमरपारा /करंजी क्षेत्र के लोगों के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी सौगात मिली है। झुमरपारा मंदिर चौक से करंजी रेलवे साइडिंग तक सड़क निर्माण के लिए लगभग 5 करोड़ 13 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वर्षों से खराब सड़क और आवागमन की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे जनप्रतिनिधियों के लगातार प्रयास और ग्रामीणों के संघर्ष की जीत बताया है।
जानकारी के अनुसार, यह सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। करीब 25 वर्ष पहले एसईसीएल द्वारा रेलवे स्टेशन तक सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन समय के साथ सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई। सड़क खराब होने से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते थे, जिससे कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो जाता था।
ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करते आ रहे थे। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भी सौंपा गया था। लगातार उठ रही मांग और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की पहल के बाद आखिरकार सड़क निर्माण को मंजूरी मिल गई। बताया जा रहा है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भटगांव स्थित एसईसीएल जीएम से मुलाकात कर सड़क निर्माण की मांग को प्रमुखता से रखा। इस दौरान ज्ञापन भी सौंपा गया। वहीं एसईसीएल जीएम द्वारा इस संबंध में सूरजपुर कलेक्टर को भी पत्र भेजकर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद ग्रामीणों में उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि वर्षों से खराब सड़क के कारण उन्हें आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क बनने से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और ग्रामीणों को राहत मिलेगी। व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, साथ ही रेलवे साइडिंग तक भारी वाहनों की आवाजाही आसान हो जाएगी।
ग्रामीणों ने कहा कि लंबे संघर्ष और जनदबाव के बाद आखिरकार प्रशासन और एसईसीएल ने इस गंभीर समस्या पर ध्यान दिया है। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग भी की है ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं बल्कि क्षेत्र के विकास की नई दिशा साबित होगी। सड़क निर्माण से आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंच आसान हो सकेगी।
इन्हें भी पढ़े 👇 👇 👇 👇 👇
