Type Here to Get Search Results !

CG NEWS अस्पताल में महिला गार्ड ने लगाया मरीज को इंजेक्शन, वायरल वीडियो पर मचा बवाल, कलेक्टर ने थमाया नोटिस

CG NEWS अस्पताल में महिला गार्ड ने लगाया मरीज को इंजेक्शन, वायरल वीडियो पर मचा बवाल, कलेक्टर ने थमाया नोटिस

 CG NEWS अस्पताल में महिला गार्ड ने लगाया मरीज को इंजेक्शन, वायरल वीडियो पर मचा बवाल, कलेक्टर ने थमाया नोटिस




गरियाबंद। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। यहां एक महिला गार्ड द्वारा मरीज को इंजेक्शन लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान डॉक्टर और नर्स दोनों मौजूद थे, लेकिन उन्होंने रोकने की बजाय गार्ड की इस खतरनाक “प्रैक्टिस” को सामान्य बताया।


वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर बी.एस. उईके ने सीएमएचओ और सिविल सर्जन को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।


पूर्व पार्षद ने किया खुलासा


जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 8 के पूर्व पार्षद योगेश बघेल अपने भतीजे का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक महिला गार्ड मरीज को इंजेक्शन लगा रही है। जब उन्होंने आपत्ति जताई तो मौजूद डॉक्टर और नर्स ने कहा कि गार्ड अक्सर ऐसा कर लेती है और यह सामान्य “प्रैक्टिस” है। इस जवाब से आक्रोशित बघेल ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।


प्रशासन ने माना गंभीर लापरवाही


कलेक्टर बी.एस. उईके ने घटना को गंभीर मानते हुए कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सीएमएचओ और सिविल सर्जन से स्पष्टीकरण मांगा है और स्पष्ट किया कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।


सिविल सर्जन का बयान


घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सिविल सर्जन डॉ. यशवंत ध्रुव ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिल चुकी है। जिन डॉक्टरों और नर्स की मौजूदगी में यह लापरवाही हुई है, उनके खिलाफ भी शो-कॉज नोटिस जारी किया जाएगा। जांच के बाद जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.