CM विष्णु देव साय आज मंत्रालय में बिताएंगे साढ़े पांच घंटे हो सकते हैं तबादले
रायपुर, 8 सितंबर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर में साढ़े पांच घंटे बिताएंगे। वे दोपहर 1 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे और शाम 6:30 बजे तक यहां सरकारी कामकाज निपटाएंगे। इस दौरान वे विभिन्न विभागों की लंबित फाइलों पर अनुमोदन कर क्रियान्वयन की दिशा में अहम निर्णय लेंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11:15 बजे सिविल लाइन स्थित निवास से प्रस्थान करेंगे और 11:30 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर पहुंचेंगे। यहां वे “सौर ऊर्जा जागरूकता अभियान एवं प्रोत्साहन समारोह” में शामिल होंगे। इसके बाद 12:55 बजे वे मंत्रालय, महानदी भवन रवाना होंगे।
मंत्रालय में सीएम लंबित फाइलों पर हस्ताक्षर करेंगे और विभागीय कामकाज की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही आगामी कैबिनेट बैठक में रखे जाने वाले प्रस्तावों पर चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार, इस बीच कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादलों पर भी आदेश जारी हो सकते हैं।
साय का यह दौरा प्रशासनिक दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से कई विभागीय प्रस्ताव और फाइलें मुख्यमंत्री की स्वीकृति की प्रतीक्षा कर रही हैं।