viral video news today रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने पर पटवारी को कलेक्टर ने किया सस्पेंड
Bribe Video Viral दुर्ग। जमीन बंटवारे के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में दुर्ग जिले के एक पटवारी पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इंटरनेट मीडिया में रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर जांच कर पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर को निलंबित कर दिया गया है।
scandal viral video news today जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में पटवारी पर भूमि बंटवारे के बदले 45 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया गया था। मामला सामने आते ही कलेक्टर अभिजीत सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए। इसके बाद तहसीलदार अहिवारा द्वारा वीडियो की सत्यता की जांच की गई।
जांच के दौरान अमन कुमार टंडन, भूमिस्वामी उत्तम टंडन और हल्का पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर के बयान दर्ज किए गए। जांच में यह तथ्य सामने आया कि भूमि बंटवारे के नाम पर पटवारी को 45 हजार रुपये दिए गए थे। पूछताछ में पटवारी ने स्वीकार किया कि उन्होंने पक्षकार की माता से राशि ली थी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वायरल वीडियो में वे वेतन मिलने के बाद पैसे लौटाने की बात कर रहे थे।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भिलाई-3 महेश सिंह राजपूत ने कार्रवाई करते हुए पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आदेश में कहा गया कि भूमि बंटवारे के एवज में राशि लेना तथा कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतना छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-03 एवं नियम-14 का उल्लंघन है, जो कदाचार की श्रेणी में आता है।
निलंबन अवधि के दौरान पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर का मुख्यालय तहसील कार्यालय अहिवारा निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा।
