सूरजपुर जिले में बाघ का शिकार: नाखून और दांत निकाल ले गए शिकारी, वन विभाग कुछ कहने पर चुप क्यों
सूरजपुर।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। घुई वन परिक्षेत्र में एक बाघ का शव मिलने से पूरे वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मृत बाघ के शरीर से उसके नाखून और दांत गायब पाए गए हैं, जिससे शिकारियों द्वारा बाघ के शिकार की आशंका और गहरी हो गई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना वन मंडल सूरजपुर के घुई रेंज के कक्ष क्रमांक 705 की है। ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्र में बाघ का शव देखा और तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही बलरामपुर और सूरजपुर वन विभाग की संयुक्त टीम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की।
प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बाघ शिकारियों के लगाए गए जाल में फंस गया, जिसके कारण उसकी मौत हुई। बाद में शिकारियों ने उसके नाखून और दांत निकाल लिए, जो अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करी में अत्यधिक कीमती माने जाते हैं।
हालांकि, वन विभाग फिलहाल इस मामले में कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बाघ की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में अतिरिक्त वन कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर राष्ट्रीय वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि वन क्षेत्रों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की आवश्यकता है।
