डिजिटल फसल सर्वेक्षण हेतु खेतों में उतरा राजस्व अमला
सूरजपुर, 27 अगस्त 2025। खरीफ वर्ष 2025-26 के लिए डिजिटल फसल सर्वेक्षण कार्य जिले में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशों के अनुपालन में राजस्व अमला गांव-गांव और खेत-खेत पहुंचकर किसानों की फसलों का सर्वेक्षण कर रहा है।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक राजस्व अधिकारी सर्वेक्षण कार्य की सतत निगरानी करें और सुनिश्चित करें कि सभी प्रविष्टियाँ सटीक व समय पर दर्ज हों। साथ ही, राजस्व निरीक्षक को सर्वेक्षणकर्ताओं द्वारा दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करना अनिवार्य किया गया है, जिससे आंकड़ों की शुद्धता बनी रहे।
अधिकारियों ने बताया कि इस डिजिटल सर्वेक्षण से किसानों को कई लाभ मिलेंगे। अब किसानों को बार-बार दस्तावेज़ सत्यापन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। एक बार दर्ज की गई जानकारी के आधार पर उनकी कृषि उपज का स्थायी रिकॉर्ड तैयार होगा। यही रिकॉर्ड आगे चलकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर उपज बेचने में भी सहायक होगा।
डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर फसल से जुड़ी सभी जानकारी उपलब्ध होने से किसानों को न केवल योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी, बल्कि कृषि से संबंधित अन्य लाभकारी जानकारियाँ भी एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। प्रशासन का मानना है कि यह पहल जिले में कृषि क्षेत्र के डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और ग्रामवासी भी उपस्थित रहे और सर्वेक्षण प्रक्रिया को देखा। प्रशासन ने निर्धारित समय-सीमा तक सर्वेक्षण कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया है, ताकि जिले के अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके।