छत्तीसगढ़ बना जटिल हृदय उपचारों में देश का अग्रणी राज्य
रायपुर। छत्तीसगढ़ अब केवल सामान्य चिकित्सा सेवाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब यह राज्य जटिल हृदय रोगों के उपचार में भी देशभर में अग्रणी बन गया है। राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं उससे संबद्ध डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट (एसीआई) के डॉक्टरों की टीम ने देश का छठा और किसी भी सरकारी संस्थान का पहला बैकमैन टोटल फिजियोलॉजिकल पेसिंग सफलतापूर्वक कर नया इतिहास रचा है।
डॉक्टरों के अनुसार अब तक यह प्रक्रिया केवल चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय स्तर के संस्थानों में ही की जाती रही है। एम्स दिल्ली और पीजीआई चंडीगढ़ जैसे शीर्ष संस्थानों में भी यह प्रक्रिया अब तक नहीं हुई थी। रायपुर में 68 वर्षीय महिला मरीज पर इस जटिल तकनीक को सफलतापूर्वक अंजाम देकर प्रदेश ने चिकित्सा जगत में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
यह प्रक्रिया हृदय की धड़कन को पूरी तरह प्राकृतिक विद्युत प्रणाली (conduction system) के जरिए नियंत्रित करती है। इससे हृदय के दोनों चैम्बर्स की धड़कनें समन्वित रहती हैं और हार्ट फेल्योर का खतरा कम हो जाता है। एसीआई में इससे पहले लेफ्ट बंडल या हिज़ बंडल पेसिंग के कई मामले किए गए थे, लेकिन राइट एट्रियम के बैकमैन बंडल में लीड लगाने का यह पहला मामला है।
रायपुर की मरीज सिक साइनस सिंड्रोम नामक गंभीर रोग से पीड़ित थी। इस रोग में हृदय की धड़कन को नियंत्रित करने वाली कोशिकाएँ क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। सामान्य पेसिंग तकनीकों में हार्ट फेल्योर का खतरा अधिक था, इसलिए डॉक्टरों की टीम ने यह उन्नत तकनीक अपनाई। इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी मैपिंग द्वारा सही स्थान की पहचान कर पेसमेकर की लीड इंप्लांट की गई और पूरा पेसिंग सिस्टम प्राकृतिक ढंग से काम करने लगा।
Aslo Read सूरजपुर जिला अस्पताल की लापरवाही तीन घंटे तक तड़पती रही गर्भवती, मां-बच्चे की मौत से मचा हड़कंप
इस उपलब्धि के पीछे कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. स्मित श्रीवास्तव के नेतृत्व में डॉ. एस.के. शर्मा, डॉ. कुणाल ओस्तवाल, डॉ. अनुराग कुजूर और डॉ. वेद प्रकाश की टीम रही। यह उपचार मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत निःशुल्क किया गया, जिसमें मेडिको सोशल वर्कर खोगेंद्र साहू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश की चिकित्सा सेवाओं के उच्च स्तर का प्रमाण बताते हुए डॉक्टरों को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल मरीजों को नई आशा देती है बल्कि यह भी दर्शाती है कि सरकारी अस्पताल विश्वस्तरीय प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक कर सकते हैं।
Aslo Read स्वच्छता पखवाड़ा अभियान 2025 परसडिहा मंदिर परिसर में जनसहभागिता से दिया स्वच्छ भारत का संदेश
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस उपलब्धि से मरीजों को अब महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से हर नागरिक को निःशुल्क और उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा मिले।
एसीआई पहले से ही इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी के मामलों में देशभर में शीर्ष पाँच संस्थानों में शामिल है। अब बैकमैन टोटल फिजियोलॉजिकल पेसिंग जैसी उपलब्धि से छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय चिकित्सा मानचित्र पर और अधिक प्रतिष्ठित हो गया है।