गोंगपा राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम का प्रतापपुर दौरा आज, कड़िया में होगी आमसभा
सूरजपुर। प्रतापपुर क्षेत्र आज राजनीति के केंद्र में रहेगा। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम आज सोमवार को प्रतापपुर पहुंच रहे हैं। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर संजय कमरो और महामंत्री नीलेश पाण्डे भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे प्रतापपुर रेस्ट हाउस में उनका आगमन होगा, जहां गोंगपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का विशाल जमावड़ा देखने को मिलेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, आतिशबाजी और स्वागत द्वारों की सजावट के साथ भव्य स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस समारोह की अगुवाई गोंगपा किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष कवल साय सरुता और ब्लॉक अध्यक्ष देवनारायण मरकाम करेंगे।
रेस्ट हाउस में स्वागत के बाद प्रतिनिधिमंडल बाबा बच्छराज कुँवर धाम पहुंचेगा, जहां पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष मरकाम का काफिला ग्राम कड़िया की ओर रवाना होगा। यहां आयोजित विशाल आमसभा में वे पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित करेंगे।
गोंगपा कार्यकर्ताओं में इस दौरे को लेकर भारी उत्साह है। सुबह से ही क्षेत्र में बैनर-पोस्टर लगाने और सजावट का काम जारी है। ग्रामीणों का मानना है कि यह आमसभा गोंगपा की संगठनात्मक मजबूती को नई दिशा देने के साथ-साथ क्षेत्रीय राजनीति में नई ऊर्जा का संचार करेगी।
आज का यह कार्यक्रम प्रतापपुर और आसपास के गांवों में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजरें तुलेश्वर सिंह मरकाम के संबोधन पर टिकी हैं कि वे आमसभा में किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।
web situs porn terbaik
ReplyDelete