पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने खरसिया में दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
पौधारोपण अभियान में भाजपा नेताओं की रही सक्रिय भागीदारी
रायगढ़, 26 अगस्त। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री एवं वर्तमान में राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने खरसिया में पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और आम जनता को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे न केवल प्रकृति की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि जीवन और संस्कृति के संरक्षण के लिए भी आवश्यक हैं।
वन क्षेत्र राज्य की धरोहर
पैकरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लगभग 44 प्रतिशत भूमि वन क्षेत्र से आच्छादित है, जो जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण और आदिवासी समुदाय की संस्कृति व आजीविका का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे पौधारोपण और वृक्षों की देखभाल को अपनी जिम्मेदारी मानें।
खरसिया में भाजपा नेताओं से मुलाकात
खरसिया प्रवास के दौरान रामसेवक पैकरा ने वरिष्ठ भाजपा नेता गिरधर गुप्ता के निवास पर पहुंचकर उनका आतिथ्य स्वीकार किया और स्थानीय राजनीतिक हालात पर चर्चा की।
एसईसीएल के अभियान में सहभागिता
इसके बाद वे छाल पहुंचे और एसईसीएल द्वारा आयोजित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं पौधारोपण कर अभियान को आगे बढ़ाया।
भाजपा नेताओं की मौजूदगी
पौधारोपण कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता गिरधर गुप्ता, छाया विधायक महेश साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र पालू राठौर, जिला पंचायत सदस्य बलदेव कुर्रे, जिला वन मंडला अधिकारी, एसईसीएल छाल के जीएम, खरसिया नगर मंडल से रतन अग्रवाल, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रविन्द्र गवेल, रमेश राठौर, राजेन्द्र चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
युवाओं को जोड़ा प्रकृति से
पैकरा ने कहा कि इस प्रकार के अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उपयोगी हैं, बल्कि युवा पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने जीवन में पौधारोपण और संरक्षण को प्राथमिकता दें, तभी आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित हो सकेगा।